Uttarakhand Weather : उत्तराखंड में जल्द ही मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावनाएं हैं। इसके अलावा बृहस्पतिवार को भी मौसम का मिजाज बदले रहने की संभावना बताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 फरवरी को प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली तथा देहरादून जनपदों में हल्की वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने की संभावनाएं हैं। अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
इसके अलावा मौसम विभाग ने 4 फरवरी को हरिद्वार, देहरादून, टिहरी व पौड़ी जनपदों में बारिश के साथ ओलावृष्टि व बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश के कई इलाकों में गर्जना के साथ बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 2500 मी. ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है।
वहीं मौसम विभाग ने 5 फरवरी को नैनीताल व उद्यम सिंह नगर में कहीं-कहीं ओलावृष्टि एवं बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा 2200 मी. ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने की संभावना है।
रविवार को जोशीमठ, अल्मोड़ा, मुक्तेश्वर और चम्पावत में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। प्रदेश में चम्पावत सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया।