Uttarakhand Monsoon Update: दक्षिण पश्चिम मानसून दो दिनों की देरी से राज्य के अधिकांश हिस्सों में पहुँच गया है। मंगलवार को, मानसून ने कुमाऊं मंडल के अधिकांश और गढ़वाल मंडल के कुछ हिस्सों में दस्तक दी है। शेष भागों में अगले 48 घंटों के दौरान मानसून पहुंचने की उम्मीद है। इसके कारण आज राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
मानसून 21 जून को सामान्य रूप से राज्य में पहुंचता है। 1 जून से पहले केरल में मानसून पहुंचने के बाद, राज्य में 21 जून से पहले मानसून पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही थी। हालांकि, यहां तक पहुंचने में दो दिन का अतिरिक्त समय लगा है।
मौसम केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, कुमाऊं के लगभग सभी हिस्सों में मंगलवार को मानसून पहुंच गया है। केवल उधम सिंह नगर और नैनीताल के कुछ हिस्से बचे हैं। वहीं, गढ़वाल मंडल में कुछ स्थानों को छोड़कर, अधिकांश इलाकों में मानसून अगले 48 घंटों के दौरान पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण पश्चिम मानसून को आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। इस अवधि के दौरान, पूरे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (उत्तराखंड सहित) में मानसून पहुँच जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से आज देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इससे गर्मी और उमस से भी राहत मिलेगी
उन्होंने कहा कि 26 जून तक अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होने की उम्मीद है। इस बीच, 25 जून को नैनीताल, पिथौरागढ़ और देहरादून में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उधमसिंह नगर, चंपावत और बागेश्वर के चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।