हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के बड़ेहर गांव में एक 38 वर्षीय महिला का शव पेड़ पर लटकता हुआ मिला है। मृतक महिला की पहचान नजदीकी गांव झूड़ोवाल निवासी तारो देवी पत्नी गुरबख्श सिंह के रूप में हुई है। अभी तक महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को मामले की सूचना मिलते ही SSP विनोद धीमान ने खुद मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया है।
जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति ने गांव में खेतों के बीच एक पेड़ पर महिला के शव को लटकता देखा था। जिसके बाद मामले की खबर पुलिस प्रशासन को दी गई। घटनास्थल पर स्थानीय लोग भी एकत्रित हो गए। पेड़ पर लटके शव की पहचान झूड़ोवाल की तारो देवी के रूप में की गई। महिला के दो बच्चे भी हैं।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि महिला ने आत्महत्या की है या फिर किसी साजिश के तहत महिला को मौत के घाट उतारकर उसके शव को पेड़ पर लटकाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस पेड़ पर शव लटका मिला है, उस पर चढ़ पाना भी बेहद मुश्किल है। इस वजह से हर किसी के जहन में महिला की मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पहाड़ की इस धाकड़ आईपीएस से अपराधी खाते हैं खौफ, पिता थे HRTC में बस कंडक्टर
पुलिस प्रशासन ने मामला दर्ज कर इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है। वहीं घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी तथ्य जुटाने में लग गई है। SSP धीमान का कहना कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की वजह का पता चल पाएगा।